पंचकूला में सेक्टर-4 स्थित गांव हरिपुरा में घर के बाहर खेल रही नौ वर्षीय बच्ची को एक पालतू कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। परिजन वीरवार की रात बेटी को लेकर सिविल अस्पताल-6 पहुंचे, लेकिन मासूम की हालत अधिक गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे तुरंत जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे, आंख और हाथ पर काटा था। बच्ची बचाव के लिए चिल्लाती रही लेकिन जब तक मदद की जाती, कुत्ता उसे लहूलुहान कर चुका था।
यह दुखद घटना सेक्टर-4 स्थित गांव हरिपुर की है। यहां नौ वर्षीय बच्ची नेहा अपने घर के बाहर खेल रही थी। उसके घर के पास में ही किसी ने एक कुत्ता पाला है। उसी पालतू कुत्ते ने घर के बाहर खेल रही बच्ची पर अचानक हमला कर दिया। उसके चेहरे, आंख के समीप का हिस्सा और हाथ काट खाया।
कुत्ते ने बच्ची की आंख के पास बुरी तरह काटा, क्योंकि जिस समय उसे सिविल अस्पताल लाया गया, उस दौरान खून का रिसाव लगातार हो रहा था। बच्ची की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे कुत्ते की गिरफ्त से छुड़वाया। फिलहाल बच्ची चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित जीएमसीएच में उपचाराधीन है।
शुरूआती चार माह में डॉग बाइट के आए 1564 मामले
साल के शुरूआती चार महीने में ही जिले के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में डॉग बाइट के कुल 1564 मामले पहुंच गए थे। जनवरी और फरवरी में डॉग बाइट के 448 मामले रिपोर्ट हुए थे। गर्मियों की शुरूआत होते ही मार्च में डॉग बाइट के करीब 95 मामले पहुंचे थे।
अब साल का नवंबर महीना है लेकिन डॉग बाइट के मामले रुके नहीं हैं। नगर निगम कमिश्नर ने कहा था कि लावारिस कुत्तों को पकड़कर उनका स्टरलाइजेशन किया जाता है। लेकिन कुत्तों को दोबारा उसी स्थान पर छोड़ना पड़ता है, जहां से उन्हें पकड़ा गया होता है।