मरीजों को ओपीडी में लंबी लाइनों का सामना करना पड़ा, डॉक्टरों में दिनभर चलता रहा बैठकों का दौर
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में शुक्रवार को हरियाणा सिविल मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर डॉक्टरों की हड़ताल से स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चरमरा गईं। मरीजों और तीमारदारों को पर्ची बनवाने से लेकर ओपीडी में परेशानी का सामना करना पड़ा। ओपीडी और इमरजेंसी में रोजाना ड्यूटी करने वाले डॉक्टर नदारद रहे। अस्पताल प्रशासन द्वारा एनएचएम, डीएनबी और सीनियर कंसलटेंट को तैनात किया गया था। दो सौ डॉक्टरों में से 102 डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने के कारण हालात बदतर रहे। सीएमओ रैंक के डॉक्टर ओपीडी और इमरजेंसी में तैनात रहे। हड़ताल की वजह से वार्ड में भर्ती सभी मरीजों के ऑपरेशन भी नहीं हो सके। डॉक्टरों की हड़ताल के बाद दिनभर मीटिंगों का दौर चला। इसके बाद भी समस्या का निदान नहीं हो पाया है।
पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में इमरजेंसी और ओपीडी में रोजाना तैनात रहने वाले डॉक्टर शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. उमेश मोदी ने मोर्चा संभाला और मरीजों का इलाज किया। ओपीडी में ईएनटी, स्किन, टीबी, एमडी मेडिसिन, गायनी में भी सीनियर कंसलटेंट और एनएचएम के डॉक्टरों ने मरीजों का इलाज किया और उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई।
दो घंटे बाद नंबर आया
अस्पताल में इलाज के दौरान दो घंटे बाद नंबर आया। बुखार तीन दिन से आ रहा है। एमडी मेडिसिन की ओपीडी में लंबी लाइन के कारण दिक्कत हुई। वहीं टेस्ट होने और दवाएं मिलने में भी समय लगा। - हरिराम, बरवाला, मरीज
बच्चों की ओपीडी में समय लगा
मेरे बेटे को बुखार और कनपेड की समस्या है। बच्चों की ओपीडी में लाइन में लगने के बाद नंबर आया है। इस कारण समस्या हुई है। ओपीडी में भीड़ अधिक होने के कारण परेशानी हुई है। - अनिल कुमार, बीड घग्गर, मरीज
बेटी के इलाज के लिए लंबी लाइन में लगी
बेटी के इलाज के लिए सुबह 10 बजे आए। लंबी लाइन में इंतजार के बाद डॉक्टर ने देखा। इसके बाद जांच लिखी। जांच होने में देरी और दवाएं नहीं मिलने के कारण दोबारा इलाज के लिए आना पड़ेगा। - रिंकी, मौलीजांगरा, मरीज
सांस की दिक्कत में हुई है परेशानी
बेटे को बुखार और जुकाम के साथ सांस लेने में परेशानी हो रही है। इलाज के लिए पहले इमरजेंसी गए। वहां पर समय लगा। इसके बाद कार्ड बनवाकर इलाज के लिए गए ओपीडी में दिखाया। डॉक्टर कम होने से इलाज में समस्या हुई है। - लईक, इंदिरा कॉलेनी, मरीज
ऑपरेशन नहीं हो पाया
एक्सीडेंट के बाद बाजू और हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वीरवार को ऑपरेशन होना था, लेकिन अभी तक यह नहीं हो पाया है। इस कारण दिक्कत हुई। इसके लिए डॉक्टर की ओर से अगले सोमवार का समय दिया गया है। इस कारण जमकर परेशानी हुई। - शंकर, मरीज
डॉक्टरों की हड़ताल के बाद भी ओपीडी और इमरजेंसी में कंसलटेंट डॉक्टरों को तैनात किया गया है। हड़ताल जारी रहने पर ओपीडी और इमरजेंसी चलाएंगे। लोगों का इलाज करने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। -डॉ. उमेश मोदी, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6