राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही करेंगे निपटारा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-1 स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक वीरवार को होगी। इसकी अध्यक्षता दोपहर 12 बजे हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल करेंगे। जानकारी देते हुए डीसी सतपाल शर्मा ने बताया कि समिति के गैर सरकारी सदस्यों के साथ-साथ जिला व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों पर की गई कार्यवाही की समीक्षा के साथ-साथ उनके समयबद्ध निपटान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति का अपना महत्व होता है क्योंकि कई महत्वपूर्ण सुझाव बैठक के माध्यम से प्राप्त होते हैं जिनसे लोकहित कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने में सहायता मिलती है।