चंडीगढ़। शूटर मनराज सिंह चट्ठा को मोहाली में पढ़ाई करने के कारण चंडीगढ़ खेल विभाग ग्रेडेशन सर्टिफिकेट नहीं दे रहा, जबकि वह चंडीगढ़ में खेलता रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व कर रहा है। पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के सख्त आदेशों की परवाह किए बिना शुक्रवार को भी संयुक्त खेल निदेशक डाॅक्टर सुनील रयात बिना ग्रेडेशन सर्टिफिकेट लिए कोर्ट में हाजिर हुए और प्रशासन के वकील ने कोर्ट ने सर्टिफिकेट तैयार करने और डाक्यूमेंट रखने के लिए एक दिन का समय और मांगा। इस पर जस्टिस संदीप मौदगिल ने कहा कि कोर्ट जानता और समझता है कि आप समय क्यों मांग रहे हैं, लेकिन कोर्ट समय नहीं देगा।हाईकोर्ट ने कहा कि वह तीन दिन से देख रहे हैं कि प्रशासन का नजरिया खिलाड़ी के प्रति नकारात्मक है, इसलिए कोर्ट को सख्त आदेश पारित करने के लिए विवश किया जा रहा है। जस्टिस संदीप मौदगिल ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह समय नहीं देंगे बल्कि आदेश पारित करेंगे।
बता दे कि जस्टिस मौदगिल के वोकेशन कोर्ट के चलते सोमवार से दूसरे जज बैठेंगे। यही कारण था कि प्रतिवादी पक्ष एक दिन का समय मांग रहा था, ताकि दूसरा जज केस को सुने। जस्टिस मौदगिल ने वीरवार को आदेश पारित किए थे कि संयुक्त निदेशक शुक्रवार को ग्रेडेशन सर्टिफिकेट लेकर कोर्ट में हाजिर रहें। संयुक्त निदेशक ने भी कोर्ट को कहा था कि खेल विभाग ग्रेडेशन सर्टिफिकेट जारी करने को तैयार है। बावजूद इसके वह सर्टिफिकेट बनाकर नहीं लाए जिस पर कोर्ट खफा दिखा। इसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि कोर्ट इस संबंध में अवमानना की कार्रवाई के आदेश जारी कर सकता है।