पंचकूला। डायरिया प्रभावित 1200 घरों का स्वास्थ्य विभाग की 20 टीमों ने सर्वे किया। दो बार सर्वे पूरा होने के बाद रविवार को टीम ने तीसरी बार डोर-टू-डोर सर्वे किया। इस दौरान पोलियाे की ड्यूटी में लगी टीमों ने क्षेत्र में ओआरएस के पैकेट और क्लोरीन की गोलियां भी बांटीं। तीसरे दौर के सर्वे में टीम को कोई भी डायरिया प्रभावित मरीज नहीं मिला। दूसरी तरफ एचएसवीपी ने घरों में दूषित पानी की आपूर्ति को भी नियंत्रित कर लिया है। विभाग के अनुसार घरों की पानी की टंकी के करीब 20 सैंपलों की रिपोर्ट साेमवार को आने की संभावना है। मामले में डीसी सुशील सारवान का कहना है कि अतिक्रमण की वजह समस्या आ रही है। स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर जो भी कार्रवाई करनी पड़ी करेंगे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से सीवर और पानी के लीकेज की सफाई नहीं होने के कारण हर बार डायरिया का खतरा शहर में मंडराता है। तीन माह पहले अभयपुर में ऐसे ही हालात सामने आए थे। इसके बाद सफाई होने के बाद हालात ठीक हुए। वहीं अब सेक्टर-19 में इस तरह के हालात सामने आने के बाद लीकेज बंद कर दिया गया है। अभी तक इसके लिए पुख्ता प्लान नहीं बनाया गया है। लोगों के अनुसार शहर के सेक्टर-19 में पुरानी सीवर पाइप लाइन 30 साल से नहीं बदले गए हैं। लोगों ने सीवर लाइन के ऊपर कब्जा कर घर बना लिए हैं। अभी तक इसे हटाने का प्लान प्रशासन, नगर निगम और एचएसवीपी के पास नहीं है। इस कारण इस तरह के हालात बने हैं। इसके बाद भी विभाग इसे हटाने के लिए अभी तक कोई प्लान नहीं बना पाया है।
पानी की रिपोर्ट आएगी, अन्य जगह सैंपल जांचेंगे
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरेश भोसले ने बताया कि पानी की रिपोर्ट सोमवार को आ सकती है। उन्होंने कहा कि शहर के अन्य गांवों और क्षेत्रों के पानी की जांच भी एहतियातन की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार काम किया जा रहा है। लोगों को सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से यह कदम उठाया जाएगा।
सेक्टर-19 में आज डायरिया का कोई केस नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया है। विभाग की तरफ से दो बार सर्वे पूरा होने के बाद तीसरी बार भी पोलियो ड्राॅप पिलाने वाली टीम ने सर्वे किया है। इसमें कोई केस नहीं आया है। -डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6
सेक्टर-19 में अतिक्रमण की बात सामने आ रही है। लोगों के स्वास्थ्य को लेकर जो भी कदम उठाना पड़ेगा उस पर एक्शन लिया जाएगा। - सुशील सारवान, डीसी, पंचकूला