पंचकूला। सेक्टर-26 सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने गए रिटायर्ड कर्नल की पत्नी के पर्स से डायमंड की रिंग और पैसे चोरी होने का मामला सामने आया है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-27 निवासी रिटायर्ड कर्नल ने दी शिकायत में बताया कि वे पत्नी के साथ बुधवार रात करीब 8 बजे सब्जी खरीदने के लिए सब्जी मंडी सेक्टर-26 गए थे। उनकी पत्नी के पास हैंड बैग था। जिसमें एक नीले रंग का छोटा पाउच था। उसमें करीब 1500-2000 रुपये थे और एक डायमंड की रिंग थी। उन्होंने कुछ दुकानों से सब्जियां खरीदी और छोटे पर्स से पैसे का भुगतान किया, लेकिन एक सब्जी विक्रेता को पैसे देने के दौरान पता चला कि हैंड बैग की चेन खुली थी। अज्ञात चोर उनके पाउच से नकदी और डायमंड की रिंग ले जा चुका था। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।