एचएसवीपी के इंजीनियरिंग विंग ने प्रस्ताव मंजूरी के लिए सीए के पास भेजा, हर्बल पार्क बचाने के लिए आईआईटी रुड़की की टीम करेगी दौरा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। माता मनसा देवी मंदिर को जाने वाले मुख्य मार्ग पर रोड़ धर्मशाला के सामने 98 लाख की लागत से पुल बनाया जाएगा। माता मनसा देवी के मुख्य मार्ग पर पुल निर्माण की तैयारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के इंजीनियरिंग विंग ने शुरू कर दी है। यह पुल 30 मीटर लंबा और 8 मीटर चौड़ा होगा। इस प्रोजेक्ट का प्रस्ताव बनाकर एचएसवीपी के इंजीनियरिंग विंग ने विभाग के सीएम के पास फाइल मंजूरी के लिए भेजा है। इस प्रोजेक्ट से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही काम शुरू होगा जाएगा।
11 जुलाई को तेज बहाव में मुख्य मार्ग और पुल दोनों बह गए थे। इससे इस मार्ग से माता मनसा देवी मंदिर और अन्य क्षेत्रों का आवागमन रुक गया था। वर्तमान में श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने के लिए अन्य रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। शारदीय नवरात्र तक श्रद्धालुओं को पुल बन जाने से सुविधा होगी। इसके अलावा घग्गर पार सेक्टरों की लाइफ लाइन कहे जाने वाले हर्बल पार्क के किनारे को बचाने की कवायद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने शुरू कर दी है। इस पार्क को बचाने के लिए विभाग ने पानी की दिशा बदलकर पुख्ता प्रबंध किए हैं, ताकि तेज बहाव पार्क के किनारों को नुकसान नहीं पहुंचा सके। बता दें कि 11 जुलाई को भैंसा टिब्बा से माता मनसा देवी मंदिर के लिए जाने वाला मार्ग भारी बारिश में रोड़ धर्मशाला के सामने बह गया था। पूरी सड़क नाले में तब्दील हो गयी है।
हर्बल पार्क को बचाने के लिए रुड़की की टीम देगी सुझाव
घग्गर पार के सेक्टर-24, 25, 26, 27, 28 के लोगों के सैर के लिए हर्बल गार्डन ही सबसे बड़ा स्थान है। 500 से ज्यादा लोग यहां रोजाना सैर सपाटे के लिए आते थे, लेकिन पार्क का किनारा बहने के बाद लोगों का यहां आवागमन बंद हो गया है। अभी घग्गर का जलस्तर घट चुका है, लेकिन सेक्टर-24 के नजदीक पानी का डायवर्जन होने से भूमि कटाव और रिसाव शुरू हुआ है। इस भूमि कटाव के चलते सेक्टर-26 में पार्क से लगती सड़क से 15 से 20 मीटर दूरी पर घग्गर बह रही है। जिसके चलते लोग परेशान हैं। अब इस पार्क को बचाने के लिए शनिवार को आईआईटी रुड़की की टीम दौरा करेगी और पार्क बचाने के लिए सुझाव देगी।
माता मनसा देवी मुख्य मार्ग पर 98 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इसका प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए भेजा गया है। हर्बल पार्क के किनारे पर पानी से होने वाले भूमि कटाव को बचाने के लिए मेटेरियल डाला गया है। शनिवार को आईआईटी रुड़की की टीम दौरा करेगी। इस पार्क को बचाने से लेकर विकसित करने का सुझाव देगी। - एनके पायल, एक्सईएन एचएसवीपी पंचकूला।