पंचकूला। सेक्टर-12ए में श्री हरिहर मंदिर परिसर में रविवार को हिंदू सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पंचकूला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं महिलाओं ने भाग लेकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे विधि-विधानपूर्वक हवन पूर्णाहुति के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्तिमय वातावरण में उपस्थित श्रद्धालुओं ने राष्ट्र, समाज और मानवता के कल्याण की कामना करते हुए आहुति अर्पित की। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा वातावरण देखने को मिला। इसके पश्चात प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मुख्य सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जैन साध्वी प्रतिभा, हिंदू संत महंत छवि दास तथा सिख संत बाबा हरजीत सिंह ने भारतीय संस्कृति की एकता, सेवा और समर्पण की भावना, कुटुंब व्यवस्था तथा सामाजिक समरसता पर प्रेरणादायी विचार रखे। समिति संरक्षक सतपाल गोयल, सतपाल गुप्ता एवं विजय अग्रवाल ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि यह सम्मेलन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। आयोजन समिति के अन्य सदस्यों रजनीश बंसल, जीवन सिंगला, नरेश गोयल, आशीष अग्रवाल, नागरिकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।