संवाद न्यूज एजेंसीबरवाला। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने सोमवार को अनाजमंडी बरवाला का दौरा कर रबी सीजन 2023-24 में गेहूं की खरीद और उठान का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तीन दिन के अंदर मंडी में आई पूरी गेहूं का उठान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला ममता शर्मा, हरियाणा वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन के जिला प्रबंधक संदीप कुमार, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक योगेंद्र सिंह, निरीक्षक सुरेश कुमार, बरवाला मार्केट कमेटी के सचिव विशाल गर्ग, ऑक्शन रिकॉर्डर रामकरण व आढ़ती तथा किसान मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि अनाज मंडी बरवाला में हरियाणा वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा गेहूं की खरीद और उठान का कार्य किया जा रहा है। डॉ. प्रियंका सोनी ने हरियाणा वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि मंडी में गेहूं की आवक के साथ ही फसल का उठान भी किया जाए ताकि किसानों को समय पर भुगतान किया जा सके। गेहूं के उठान में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उठान कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ट्रांसपोर्टर से भी बातचीत की और उठान में तेजी लाने के लिए सहयोग करने की अपील की। उन्होंने मंडी में आढ़तियों के साथ बैठक की और कहा कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो वे उन्हें अवगत करवाएं।
उपायुक्त को मंडी में गेहूं की खरीद और उठान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें अवगत करवाया गया कि बरवाला अनाज मंडी में 30 ट्रकों के माध्यम से प्रतिदिन औसतन 18 हजार बैग यानि 9 हजार क्विंटल गेहूं का उठान किया जा रहा है। हरियाणा वेयरहाउसिंग कार्पोरेशन द्वारा अब तक 10800 मिट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई जिसमें से 3 हजार मीट्रिक टन गेहूं का उठान किया गया है जिसका भुगतान किसानों को किया जा चुका है। उन्हें अवगत करवाया गया कि किसानों को समय पर उनकी फसल का भुगतान किया जा रहा है। इस अवसर पर उपायुक्त ने अनाज मंडी बरवाला का निरीक्षण किया और मंडी में किसानों की सुविधा के लिए किए गए विभिन्न प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत की और गेहूं की गुणवत्ता के बारे में जाना। इससे पूर्व डॉ. प्रियंका सोनी ने पंचकूला तहसील के गांव बिल्ला और गांव बीड़ फिरोजड़ी और बरवाला के गांव रिहोड़ में किसानों द्वारा ई-श्रतिपूर्ति पोर्टल पर अपलोड फसल खराब का भौतिक निरीक्षण किया और आंकड़ों का मिलान किया। इस अवसर पर एसडीएम ममता शर्मा, तहसीलदार पंचकूला पुन्यदीप शर्मा, नायब तहसीलदार पंचकूला हरदेव, नायब तहसीलदार बरवाला अभिनव गौतम, फील्ड कानूनगो हरनेक सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।