माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को पंचकूला के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से सात जिलों के 40 अग्निशमन बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जल्द ही अन्य जिलों को 60 बाइक सौंप दी जाएंगी। हीरो मोटर कारपोरेशन ने यह बाइकें कारपोरेट सोशल रिसपांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत दी हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री को अग्निशमन आपातकाल सर्विस के डायरेक्टर जनरल डाॅ. यशपाल सिंह ने विस्तार से विभाग के कार्य और समस्याओं की जानकारी दी। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने करनाल, पानीपत, कुरूक्षेत्र, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, जींद और हेड क्वार्टर से आए फायर अधिकारियों से अग्निशमन और आपातकाल से निपटने और सिस्टम को बेहतर करने के बारे में चर्चा की।
उन्होंने अग्निशमन अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत की गई मांगों को भी जल्दी ही पूरा करने का आश्वासन दिया। डिप्टी सीएम ने अग्निशमन व आपातकाल सर्विस के अधिकारियों को अपने संबंधित क्षेत्र में गंभीरता से कार्य करने और अग्निशमन विभाग के मुताबिक फायर सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होेंने अधिकारियों को जिलों में शिक्षण संस्था, विश्वविद्यालय, काॅलेज, पेट्रोल, उद्योगों, मैरिज बैंक्वेट हाल का निरीक्षण करने और फायर सिस्टम को चेक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी संस्था या उद्योग के फायर सिस्टम खराब हुए हैं तो उनको 30 दिन का नोटिस देकर निर्देश दें ताकि वे अपने फायर ऑपरेटर्स दुरूस्त कर लें। उन्होंने सभी जिलों में बड़ी व छोटी औद्योगिक इकाइयों को भी फायर सिस्टम चेक करने के निर्देश दिए और जिन औद्योगिक इकाइयों के फायर सिस्टम खराब हैं, उन्होंने अग्निशमन अधिकारियों को निरीक्षण कर ठीक करवाने के निर्देश दिए। अगर 30 दिन के नोटिस के बावजूद भी कोई संस्थान अपने फायर सिस्टम को अग्निशमन विभाग के मुताबिक दुरूस्त न करे तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए।
इस अवसर पर अग्निशमन व आपातकाल सर्विस के डायरेक्टर जनरल डाॅ. यशपाल सिंह और अतिरिक्त उपायुक्त वर्षा खांगवाल, टेक्निकल डिप्टी डायरेक्टर गुलशन कालरा, हीरो सीएसआर के सीनियर मैनेजर राकेश पटेल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।