माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में डेंगू के लगातार मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब बढ़ते मामलों पर नियंत्रण पाने के लिए पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब नगर निगम, एचएसवीपी, के अधिकारियों के साथ ब्लाॅक के बीडीपीओ के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें लोगों को सुरक्षित रखने के लिए अन्य कदम उठाए जाने का प्लान बनाया जाएगा। इसमें फॉगिंग के अलावा लोगों को जागरूक करने के लिए ब्लॉक स्तर पर कई प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही डेंगू के नियंत्रण के लिए अन्य कदम उठाए जाने का प्लान बनाया जाएगा।
पंचकूला जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरेश भोसले ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य विभागों से डेंगू को हराने के लिए तालमेल बनाया जाएगा। पंचकूला में डेंगू के पांच नए मामले सामने आए हैं। अब तक डेंगू के 528 मामले सामने आ चुके हैं। पंचकूला जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरेश भोसले ने बताया कि डेंगू के मामले अर्बन एरिया सहित कालका, पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी से सामने आए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग सुबह और शाम मच्छर से बचाव के लिए फुल बाजू के कपड़े पहनें।