माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। जिले में डेंगू के केस तेजी से बढ़ हैं। सोमवार को 24 घंटे के अंदर 12 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। यह केस हाईरिस्क जोन एरिया के अलावा अर्बन एरिया से भी आए हैं। अर्बन एरिया से केस आने के बाद डेंगू की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। इस कारण शहर के लोगों में डेंगू का डर भी बैठ रहा है। पंचकूला जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरेश भोसले ने बताया कि अर्बन पंचकूला से तीन केस, पुराना पंचकूला से तीन, कोट बिल्ला से दो, रायपुररानी से दो, नानकपुर से दो केस आए हैं। डेंगू के मामले आने के बाद अब लोगों के घरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम जाएगी। केस आने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को डेंगू पॉजिटिव आने वाले लोगों के घरों में जाएगी। घरों में टीम जाने के साथ ही फॉगिंग भी करवाएगी। इसके साथ ही लोगों को डेंगू के बचाव के बारे में बताएगी। डेंगू के अब पंचकूला में 65 मरीज हो गए हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मरीजों की स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रा हिस्ट्री भी खोज रहे हैं। इसके साथ ही पंचकूला के अलावा कालका, पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी में भी केस आने के बाद सर्वे शुरू कर दिया गया है। जिले में अभी तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।
हाईरिस्क जोन में 12 टीमें रोजाना कर रही सर्वे
पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 की सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि अब तक हाईरिस्क जोन में टीमें लगी हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार घरों का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे करने के साथ ही अगर लारवा मिल रहा है तो नोटिस भी दिया जा रहा है। लगातार नोटिस दिए जाने के बाद भी लोगों के घरों में लारवा मिल रहा है। लारवा के नोटिस पंचकूला जिले में 10,600 दिए गए हैं। अब तक कालका में 3000 नोटिस दिए जा चुके हैं। यहां पर लगातार लोगों के घरों में लारवा मिल रहा है। इसके अलावा नानकपुर, कोट बिल्ला सहित अन्य जगहों पर भी डेंगू को लेकर सर्वे किया जा रहा है। यहां पर भी लारवा मिला है। लारवा मिलने की सूचना भी सर्वे टीम ने सीएमओ को दी है। टीम को सभी हिदायतों के साथ काम करने को कहा गया है। वहीं अब तक डेंगू से एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरेश भोसले ने कहा कि लोग मच्छर से बचाव के लिए शरीर को ढककर कपड़े पहनें। इसके साथ ही घर के आस पास पानी नहीं जमा होने दें।
जिले में डेंगू के केस लगातार बढ़ रहे हैं। हमारी लोगों से अपील है कि डेंगू से बचाव के लिए नियमों का पालन करें। लोग अपने आस पास पानी नहीं जमा होने दें। इसके अलावा अगर लोगों का बुखार आता है तो लोग इसकी जांच जरूर करवाएं। - डॉ. मुक्ता कुमार, सीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर-6