चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर प्रश्न करने वाले विपक्षी दलों के सांसदों को निलंबित करने के मामले में केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सांसद संसद से सस्पेंड नहीं हुए हैं, बल्कि देश से डेमोक्रेसी (लोकतंत्र) सस्पेंड हुआ है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के इन सांसदों को सिर्फ इसलिए निलंबित किया गया, क्योंकि इन्होंने संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर सवाल किए थे। यह विडंबना है कि जिस भाजपा सांसद के हस्ताक्षर से आरोपी सदन के अंदर आए थे, वो सांसद आज भी सदन के अंदर बैठे हैं और उनकी सदस्यता पर कोई आंच नहीं आई है।
चड्ढा ने कहा कि भाजपा के एक सांसद के हस्ताक्षर से विजिटर पास बनवाकर दो आरोपी सदन के अंदर आते हैं और सदन पर हमला करते हैं। वो दोनों आरोपी एक तरह से भाजपा सांसद के मेहमान थे। इसके बावजूद भाजपा सांसद आज भी बतौर सांसद सदन के अंदर बैठे हैं। वहीं दूसरी ओर, केंद्र सरकार से संसद की सुरक्षा में हुई चूक पर सवाल करने और भाजपा सांसद की इसमें भूमिका पर सवाल करने वाले विपक्ष के करीब 141 सांसदों को निलंबित कर दिया गया है।