पंचकूला। गांव बतौड़ में प्रस्तावित आर्मी नर्सिंग कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू करने की आरडब्ल्यूए सेक्टर-16 ने मांग उठाई है। इसके लिए आरडब्ल्यूए ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल और विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता को ईमेल के माध्यम से अवगत कराया गया है। आरडब्ल्यूए महासचिव सुभाष पपनेजा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने वर्ष 2015 में घोषणा की थी कि देश का 28वां और हरियाणा में तीसरा आर्मी इंस्टीट्यूट पंचकूला में खोला जाएगा। इसके लिए 10 एकड़ जमीन वेस्टर्न कमांड को दी जाएगी। वर्ष 2016 में भी मुख्यमंत्री ने पंचकूला में विकास रैली में करीब 50 घोषणाएं की थी। उनमें भी आर्मी इंस्टीट्यूट पंचकूला में खोला जाना शामिल था। हुडा और माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड में जगह न मिलने पर नगर निगम प्रशासन और सैनिक बोर्ड के अधिकारियों ने पहले खंगेसरा फिर बरवाला के पास उचित जमीन की तलाश की। अप्रैल 2021 में विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने बतौड़ में 10 एकड़ जमीन वेस्टर्न कमांड को हस्तांतरित करने की जानकारी दी। आज तक उनका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। अब आरडब्ल्यूए सेक्टर-16 ने मुख्यमंत्री से आर्मी इंस्टीट्यूट बनाने की मांग की है।