चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने पटवारियों के 1056 समाप्त पदों की बहाली के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा है। बाजवा ने अपने पत्र में कहा है कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले लोगों को भरोसा दिया था कि पंजाब सरकार के विभागों में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा, लेकिन अब सरकार की ओर से पटवारियों के पद 4716 से घटाकर 3660 कर दिए गए हैं।
उन्होंने पत्र में लिखा कि कांग्रेस सरकार ने लाल लकीर के अंदर 12153 गांवों के क्षेत्र की गणना करने और लोगों के नाम करने के लिए अभियान चलाया था, ताकि लाल लकीर के अंदर रहने वाले लोगों को मालिकाना हक दिया जा सके और वे कर्ज आदि ले सकें। बाजवा ने अपने पत्र में कहा कि यह लाल लकीर का काम अभी तक पूरा नहीं हो सका है, क्योंकि पंजाब में फिलहाल 4716 पटवारियों की जगह 1700 पटवारी ही कार्यरत हैं। बाजवा ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समय पर समाधान के लिए पटवारियों के कम किए गए 1056 पदों को बहाल किया जाए। इसके अलावा 1990 से विभाग के राजस्व रिकार्ड को कंप्यूटरीकृत करने का कार्य चल रहा है, जो अभी तक जारी है और पटवारियों की कमी के कारण यह कार्य पूरा नहीं हुआ है, क्योंकि एक पटवारी के पास पहले से ही अपने खुद के सर्कल के अलावा अन्य सर्कलों का अतिरिक्त है।