कालका। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विनय प्रताप सिंह ने सभी सरपंचों को एक पत्र लिखकर अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने के अलावा पंचायती और शामलात भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे तुरंत प्रभाव से हटवाने के निर्देश दिए हैं। बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि खंड पिंजौर की ग्राम पंचायतों की शामलात पंचायती भूमि पर लोगों द्वारा कच्चा व पक्का मकान बनाकर नाजायज कब्जे किए जा रहे है। इन ग्राम पंचायतों की ओर से अवैध कब्जों को हटवाने के लिए कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके बारे में निर्देश दिए गए हैं कि उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध कब्जों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए और पंचायती व शामलात भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे तुरंत प्रभाव से हटवाए जाएं। अगर इस विषय में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या कोताही बरती गई तो संबंधित सरपंच के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसके लिए वह खुद जिम्मेदार होंगे।