संवाद न्यूज एजेंसी कालका- पिंजौर। नगर परिषद कालका के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्य करने वाले कर्मचारियों ने हाउस रेंट अलाउंस को नगर निगम पंचकूला के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्य करने वाले कर्मियों के बराबर करने की मांग की है। उन्होंने शिवालिक विकास मंच के अध्यक्ष एवं राज्य सरकार में चेयरमैन रह चुके एडवोकेट विजय बंसल को इस आशय का पत्र भेजा है।
विजय बंसल का कहना है कि दोनों अर्बन लोकल बॉडीज का एक ही जिला नगर आयुक्त है। जिनका कार्यालय पंचकूला में है। नगर परिषद कालका का हेड क्वार्टर भी पंचकूला है। एक ही जिले में दोनों अर्बन लोकल बॉडीज के कर्मचारियों के एचआरए में भिन्नता जनहित में नहीं है। अधिकतर कर्मचारी कालका-पिंजौर में पोस्टिंग कराने से बचते नजर आते हैं, इसका कारण एचआरए में भिन्नता है। कालका पिंजौर में कार्य करने वाले अधिकतर कर्मचारी पंचकूला से ही आते हैं। विजय बंसल का कहना है कि जिला पंचकूला शिवालिक क्षेत्र का हिस्सा है,जोकि अर्ध पहाड़ी एवं पिछड़ा क्षेत्र है। विजय बंसल ने बताया कि वर्तमान में पंचकूला के कर्मचारियों का एचआरए 20 प्रतिशत मिलता है जबकि कालका पिंजौर के कर्मियों का एचआरए 10 प्रतिशत मिलता है। पूर्व चेयरमैन विजय बंसल ने मांग करते हुए कहा है कि बिना किसी देरी के कालका पिंजौर के सरकारी कर्मियों का एचआरए पंचकूला के कर्मियों के बराबर किया जाए।