पंचकूला। जागृत ब्राह्मण सभा के संयोजक विकास कौशिक एवं पार्षद जय कौशिक ने बुधवार को पंचकूला के महापौर कुलभूषण गोयल से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। विकास कौशिक ने ज्ञापन में मांग की कि हमारे शहर के बच्चों के लिए सामूहिक खेलों का स्टेडियम और जिम्नास्टिक कोर्ट के लिए उपयुक्त भूमि लीज पर आवंटित की जाए। समाज में विशेष रूप से बच्चों में खेलों और शारीरिक गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए यह आवश्यक हो गया है कि उन्हें ऐसे स्थान उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे शारीरिक क्षमता को बढ़ा सकें। विकास कौशिक ने मांग की है कि बच्चों के लिए एक स्टेडियम का निर्माण किया जाए, जिसमें विभिन्न खेलों की सुविधाएं उपलब्ध हों जैसे फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हॉकी आदि। इस स्टेडियम से बच्चों की सभी प्रकार के खेलों में आग लेने और अपने खेल कौशल को विकसित करने का अवसर मिलेगा। यह पार्क बच्चों के लिए शारीरिक विकास और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में सहायक होगा। यहां विभिन्न जिम्नास्टिक उपकरण और प्रशिक्षण स्थान प्रदान किए जाएंगे, ताकि बच्चे फिटनेस और समग्र शारीरिक विकास पर ध्यान केंद्रित कर सके। उन्होंने मांग की कि इन दोनों परियोजनाओं के लिए नगर निगम द्वारा उपयुक्त भूमि लीज पर आवंटित की जाए और शीघ्र ही इनकी योजना को कार्यान्वित किया जाए।