बरवाला। कस्बा बरवाला को उपमंडल बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस मांग को लेकर लक्ष्मण बतौड़, जितेंद्र सैनी भगवानपुर, अमित शर्मा रिहौड़, अमरीक सिंह, सुशील सिंगला, धर्मेंद्र संधू, ओम प्रकाश शास्त्री बरवाला, अशोक शर्मा, गौतम राणा खटौली ने बरवाला को उपमंडल का दर्जा देने का मांग पत्र हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता को सौंपा। उन्होंने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष से कहा कि बरवाला के लोग लंबे समय से क्षेत्र को उपमंडल का दर्जा देने की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपमंडल से संबंधित अपने सभी कामों के लिए उन्हें करीब 25 किलोमीटर दूर पंचकूला जाना पड़ता है। इससे बरवाला क्षेत्र के लोगों का धन और समय दोनों बर्बाद होता है। ऐसे में लोगों की मांग है कि बरवाला को उपमंडल का दर्जा दिया जाए। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने उपरोक्त लोगों को आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही बरवाला के लोगों की इस मांग को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने रखकर पूरा करवाने की कोशिश करेंगे।