संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। राज्यपाल और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के कुलपति बंडारू दत्तात्रेय ने शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-1 में 27वें दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने वर्ष 2019-20, 2020-21 और 2021-22 के 251 स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की। इसमें 181 स्नातक और 70 स्नातकोत्तर शामिल हैं। इस अवसर पर उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण, उपायुक्त डाॅ. प्रियंका सोनी, महाविद्यालय की प्राचार्या बबिता वर्मा और उप प्राचार्य देवेंद्र लांबा भी उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने कहा कि आज का यह महत्वपूर्ण दिन विद्यार्थियों के सपनों और उपलब्धियों से परिपूर्ण सुनहरे भविष्य के प्रवेश द्वार के रूप में अथक श्रम के कारण सुलभ हुआ है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों सहित राजकीय महाविद्यालय के सभी संकाय सदस्यों, शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को भी बधाई दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उच्चतर शिक्षा विभाग के मुख्य सचिव आनंद मोहन शरण ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय सेक्टर-1 प्रदेश के बेहतरीन महाविद्यालय में से एक है। प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा राज्य में नई शिक्षा नीति 2020 लागू की जा रही है, जिससे उच्चतर शिक्षा विभाग में एक प्रतिमान बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति को बेहतर ढंग से लागू करने में शिक्षकों का विशेष योगदान रहने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नेतृत्व में राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में एक ऐसा इको सिस्टम तैयार किया जाए।
इस मौके पर राज्यपाल ने महाविद्यालय में उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्टार्टअप इन क्यूबेटर कम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का भी निरीक्षण किया और वहां युवा स्टार्टअप के लिए शुरू किए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।