रायपुररानी। गांव गोलपुरा में आयोजित देवी जागरण के दौरान एक हमला हुआ, जब एक महिला और उसके परिवार के सदस्य रिश्तेदारों और गांववासियों के हाथों बुरी तरह पीटे गए। पीड़िता प्रीति कौर पुत्री रणधीर सिंह ने पुलिस चौकी मौली में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में प्रीति कौर ने बताया कि वह 22 सितंबर की रात को गांव में आयोजित देवी जागरण के दौरान उनके मामा संदीप और रणदीप निवासी टपरियो और बादल, राहुल, राजेंद्र, शुभम सहित अन्य लोगों ने पहले तो उनसे बहसबाजी शुरू की, फिर लाठियों और बेल्ट से हमला किया। इस हमले में प्रीति कौर, उनकी माता रीना देवी, पिता रणधीर सिंह और मंगेतर अभी बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद, घायल प्रीति और उनकी माता ने रायपुररानी के सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच करवाई और 24 सितंबर को पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई।