माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। डीसी ने बुधवार को खजाना कार्यालय, तहसील कार्यालय और खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय रायपुररानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकार्ड की जांच की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान तहसील कार्यालय में इंतकाल और जमाबंदी की जांच भी की। रिकार्ड की जांच करने उपरांत उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा कार्यालयों में समुचित साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए और रिकार्ड को एक व्यवस्थित तरीके से रखा जाए। इसके उपरांत महावीर कौशिक ने क्षतिपूर्ति पोर्टल पर किसानों द्वारा बरसात की वजह से फसल को हुए नुकसान के दर्ज विवरण अनुसार रायपुररानी के गांव काजमपुर और मानकटबरा में मौके पर पहुंच कर फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर रायपुररानी के तहसीलदार वीरेंद्र गिल, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी परमनंदन, कानूगो मदन, पटवारी अजय और प्रवीन, रीडर बलविंदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।