संवाद न्यूज एजेंसी
मोरनी। बारिश के कारण इलाके में भारी नुकसान हुआ है। पानी के सड़कें टूट गई हैं, जिनसे निकलने में राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सप्ताह बाद भी मोरनी से पंचकूला जाने वाले दोनों मुख्य मार्गों को आवागमन के लिए पूर्ण तौर पर खोला नहीं जा सका है। लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। वहीं, बारिश से लोगों के घर तबाह हो गए हैं। किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं हैं। सभी क्षेत्रवासियों ने सरकार ने मुआवजे की मांग की है।
व्यापार हुआ ठप, बढ़ी परेशानी
इस तबाही से हर व्यक्ति परेशान है। सरकार की तरफ राहत पैकेज की टकटकी लगाकर देख रहा है। दुकानदारों का कहना है कि सड़कें बंद होने से दुकानदार परेशान हैं। करियाना, कपड़ा और डेयरी करने वाले सभी दुकानदार मायूस हैं। गेस्ट हाउस व्यवसाय पूर्ण तौर पर बंद है। गेस्ट हाउस में रोजाना के वर्करों के खर्च के अलावा किराया संचालकों पर भारी पड़ने लगा है।
-
मुख्य सड़कों के साथ गांवों तक जाने वाले सभी कच्चे रास्ते कई जगह से बंद है। स्थानीय किसान न तो मोरनी बाजार तक जा पाने में सक्षम है और न ही आपात हालात से निपटने में। इस आपदा में हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार जल्द कोई राहत पैकेज देने का काम करे।
-प्रमोद कुमार धीमान स्थानीय दुकानदार
-
क्षेत्र में किसानों की फसल खराब हो गई है। जो फसल बेचकर किसान अपने सालभर की आजीविका एकत्र किया करते थे वह नष्ट हो चुकी है। इसमें धनिया, टमाटर, मक्का और अन्य सब्जियां शामिल हैं। सभी किसान राहत पैकेज के लिए प्रदेश सरकार की ओर देख रहे हैं।
-जिला परिषद चेयरमैन सुनील शर्मा
-
बिजली-पानी का संकट गहरा गया है। समय पर ग्रामीणों को पीने के पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। बिजली के अघोषित कट भी इस समय लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों की तरफ से कोई भी सुनवाई नहीं हो पा रही है। सरकार प्राथमिकता से समस्याओं को हल करवाए।
-सरपंच मनोज कुमार धारला पंचायत
-
सड़कों पर गिरे पहाड़ों से मलबे से अधिकतर रास्ते बंद हैं। इसके चलते क्षेत्र में हरियाणा परिवहन विभाग की बसों को पहिया जाम है। सिर्फ बस सेवा मोरनी से वाया रायपुररानी पंचकूला के लिए चल पा रही है। सरकार इलाके के लोगों की परेशानी को समझे और राहत देने का काम करे।
-संजीव वर्मा समाजसेवी