चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) अपने विभिन्न ब्रांचों के लिए आउटसोर्स पर कर्मचारियों की भर्ती करेगा। इसके लिए 12 फरवरी को होने वाली गवर्निंग बॉडी की बैठक में सीटीयू की तरफ से एजेंडा लाया जाएगा। बैठक में आउटसोर्स पर कर्मचारी रखने के अलावा कई अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मंजूरी मिलने की संभावना है।
सीटीयू अपने दो वर्कशॉप को मेंटेनेंस के लिए आउटसोर्स पर देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए भी बैठक में प्रस्ताव लाया जाएगा। हालांकि पहले से ही सीटीयू के चार नंबर डिपो को आउटसोर्स पर चलाया जा रहा है। इसके तहत कंपनी ही बसों की मेंटेनेंस को देखती है और स्पेयर पार्ट्स को लगाती है।
इसके अलावा इलेक्ट्रिक बसों को लाने के लिए किए गए दूसरे टेंडर की सैद्धांतिक मंजूरी भी बैठक में ली जाएगी। हालांकि इलेक्ट्रिक बसों के लिए ट्रांसपोर्ट विभाग की तरफ से टेंडर जारी कर दिया गया है। 31 जनवरी को यह टेंडर किया गया था, क्योंकि गवर्निंग बॉडी की बैठक पहले 30 जनवरी को होनी थी।
किन्हीं कारणों की वजह से बैठक की तिथि बदलनी पड़ी, इसलिए बसों के लिए टेंडर कर दिया गया ताकि शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने में और देरी न हो। गौरतलब है कि ट्रांसपोर्ट विभाग शहर में इलेक्ट्रिक बसें लाने में पहले ही काफी देरी कर चुका है।