जेबीटी भर्ती घोटाले में एसआईटी ने एक और दलाल को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनीपत निवासी नरिंदर मलिक के रूप में हुई है। सूत्रों का कहना है कि नरिंदर मलिक ने कई जेबीटी व टीजीटी शिक्षकों के नाम पुलिस के सामने लिए हैं। इसी बीच इस घोटाले में यूटी विभाग में तैनात शिक्षकों ने कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार को टीजीटी अनु और सचिन ने अपनी-अपनी अग्रिम जमानत की अर्जी दायर की है। जिस पर कोर्ट ने यूटी पुलिस को 5 दिसंबर को जवाब दायर करने को कहा है।
इससे पहले गिरफ्तार हुए आरोपी सतिंदर हुड्डा की पत्नी पूनम ने भी गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत अर्जी लगा रखी है। एसआईटी इस मामले में अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। एसआईटी अब तक रविंद्र बानियां, बृजेंद्र नैन, सतिंदर हुड्डा, संपूर्ण सिंह, सचिन हुड्डा, नवीन मलिक, संदीप कुमार, देवेंद्र और सुशीला रानी को गिरफ्तार कर चुकी है।