पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक फैक्टरी में आग लग गई। आग लगने के बाद धुएं का काला गुबार आसमान तक पहुंच गया। आग लगने की घटना दोपहर 3.15 की है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग भी हरकत में आया और मौके पर तीन फायर डेंटर पहुंच गए। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। फैक्टरी से उठ रहा धुआं आसपास के इलाके में भी फैल गया। मौके पर लोगों की खासी भीड़ इकट्ठा हो गई। कंपनी मालिक टीबी दास ने बताया कि दोपहर में अचानक आग लगी है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पंचकूला के इंडस्ट्रियल एरिया फेज 2 में प्लॉट नंबर-124 स्थित फैक्टरी में आग की घटना हुई है। बताया जा रहा है कि यह इंक बनाने वाली फैक्टरी है, जिसमें आग लगी है। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि फैक्टरी के अंदर 10 से 12 धमाके भी हुए हैं। क्योंकि फैक्टरी में कैमिकल भी है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।