पिंजौर स्थित होटल सल्तनत में जीरकपुर के रहने वाले अनिल भारद्वाज की जन्मदिन पार्टी थी। उससे निकले दो युवकों और एक युवती को ताबड़तोड़ फायरिंग कर माैत के घाट उतार दिया गया था। मरने वाले दोनों युवक मामा-भांजा थे।
पिंजौर के सल्तनत होटल पार्किंग में रविवार को हुए ट्रिपल मर्डर मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने पांच युवती समेत 20 युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज से भी कई बड़े खुलासे हुए हैं।
विज्ञापन
हमलावरों ने होटल के बाहर सफेद रंग की कार में बैठकर छह घंटो तक हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए इंतजार किया था। यह पार्टी शाम आठ बजे से शुरू हो होकर रविवार की देर रात ढाई से तीन बजे तक चली थी।
पंचकूला क्राइम ब्रांच की टीम ने पार्टी का आयोजन करने वाला जीरकपुर निवासी रोहित भारद्वाज को कस्टडी में लेकर हत्या से जुड़े कई पहलुओं पर पूछताछ की है। इसके अलावा टीम ने दिल्ली एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही है। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर पिजौंर पुलिस पार्किंग पर खड़े लोगों की पहचान करके पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन
छह घंटे तक हमलावरों ने किया इंतजार
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जानकारी मिली कि सफेद रंग की कार पर सवार शूटर हमला करने से पहले पांच से छह घंटे होटल के बाहर पार्किंग पर इंतजार किया था। पार्टी खत्म होने के बाद जैसे ही विनीत उर्फ विक्की अपने भांजे तीरथ और वंदना के साथ स्कार्पियो कार पर बैठा ही था कि घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेरकर लगातार फायरिंग करके मौत के घाट उतार दिया था। हमलावर मास्क पहनकर कार से उतरे थे। यह भी बताया गया कि ड्राइवर समेत कार में कुल चार शूटर बैठे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों शूटर फरार हो गए।
दिल्ली से चंडीगढ़ आया था विनीत
जन्मदिन पार्टी में शामिल होने से पहले विनीत उर्फ विक्की भांजे तीरथ के साथ नजफगढ़ से चंडीगढ़ अपने दोस्त राठी से मिलने आया था। वहां पर कुछ देर रूकने के बाद रोहित भारद्वाज ने काॅल किया और वह पंचकूला पार्टी में शामिल होने के लिए आया। चंड़ीगढ़ से विनीत उर्फ विक्की के साथ उसका दोस्त राठी और वंदना पार्टी में शामिल होने के एक साथ कार से आये थे। विक्की अक्सर राठी से मिलने चंड़ीगढ़ आया करता था।
पिंजाैर थाना प्रभारी रुपेश चैधरी ने बताया कि ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस और गठित की गई सीआईए की टीम लगातार जांच में जुटी है। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज और पार्टी में शामिल सभी दोस्तों के मोबाइल फोन और काॅल डिटेल के आधार पर जांच जारी है। पार्टी में शामिल होने वाले दोस्तों ने पहले किस नंबर पर किससे बातचीत की थी, उसके बारे में भी पुलिस डिटेल जुटा रही है। इसके अलावा पार्टी में शामिल होने वाले सभी दोस्तों का व्हाट्रसएप काॅल डिटेल निकाला जा रहा है।
इस वजह से नहीं हुई थी पंचकूला में पार्टी
सूत्रों ने बताया कि रोहित भारद्वाज ने पहले जन्मदिन की पार्टी सेक्टर-5 होटल बेला विस्टा में आयोजित की थी। होटल मैनेजर ने किसी कारण लेटनाइट पार्टी करने की वजह से मना कर दिया था। इसके बाद ही रोहित पिंजौर स्थित होटल सल्तनत पहुंचे और साढ़े आठ बजे पार्टी शुरू कर दी थी। पार्टी देर रात ढाई से तीन बजे तक चली थी।
ट्रिपल मर्डर मामले में गठित टीमें हर एंगल पर जांच कर रहीं है। सीसीटीवी फुटेज और पार्टी में शामिल सदस्यों से पूछताछ के आधार जांच जारी है। इसके अलावा टीमें अलग-अलग प्रदेशों में दबिश दे रहीं है। बहुत जल्द मामले में खुलासा होगा। - अरविंद कंबोज, एसीपी, पंचकूला क्राइम