पंचकूला के पिंजौर में लूट की बड़ी वारदात हुई है। यहां शातिर लुटेरे एटीएम को काट कर ले गए। शातिरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया है। पिंजौर के ईश्वर नगर में शनिवार देर रात सनसनीखेज चोरी की वारदात होने से सनसनी फैल गई है। एक्सिस बैंक के एटीएम को अज्ञात चोरों ने गैस कटर से काटकर उसमें रखा कैश चुरा लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोर स्विफ्ट गाड़ी में सवार होकर आए थे। वारदात को अंजाम देने से पहले उन्होंने एटीएम बूथ के अंदर लगे कैमरों पर केमिकल छिड़का, जिससे उनकी पहचान न हो सके।
पुलिस के मुताबिक अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि एटीएम में कितनी राशि थी और चोरों की संख्या कितनी थी। पुलिस पूरे इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी कर रही है।
गौरतलब है कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि कुछ दिन पहले उन्होंने पिंजौर क्षेत्र के कई शराब के ठेकों को भी निशाना बनाया था। अब उन्होंने एटीएम को टारगेट करके पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दे दी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।