अहाते के कारिंदे को लूटने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बीती रविवार रात करीब 11.15 बजे बुड़ैल चौक के पास एक अहाते के कारिंदे रंजन से सात हजार रुपये व मोबाइल लूटकर फरार हुई लुटेरी गैंग को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपियों में एक नाबालिग और तीन युवक शामिल हैं। आरोपियों की पहचान बुड़ैल निवासी गौरव उर्फ अंडा उर्फ किन्नू (19), राजा राम उर्फ टीरा उर्फ लंगड़ा (18), नागेंद्र उर्फ सन्नी उर्फ कौवा (24) और एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल व दस्तावेज तो बरामद कर लिए लेकिन आरोपियों ने लूटे गए 7,320 रुपये से नशा व अन्य सामान खरीद लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस कोर्ट के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया जबकि अन्य तीनों आरोपियों को मंगलवार को जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने आगामी पूछताछ के लिए नागेंद्र का एक दिन का रिमांड हासिल किया जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। मामले के शिकायतकर्ता बुड़ैल निवासी रंजन ने सेक्टर-34 थाना पुलिस को बताया था कि वह सेक्टर-24 के अहाते में काम करता है। बीते रविवार की रात वह सेक्टर-24 से घर लौट रहा था। उसी दौरान बुड़ैल चौक के समीप आरोपियों ने उसे घेरकर उससे मोबाइल व 7,320 रुपये लूट लिए।