प्रिंसिपल से जबरन दस हजार वसूलने का आरोपी न्यायिक हिरासत में
स्कूल प्रिंसिपल से केस वापस लेने के एवज में आरटीआई कार्यकर्ता ने वसूले थे पैसे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़
सेक्टर-17 स्थित पंजाब के आरटीआई कमीशन परिसर में बीते सोमवार को बठिंडा के मंडी कलां स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल प्रीतम सिंह से केस वापस लेने के एवज में जबरन दस हजार रुपये वसूलने के आरोपी 62 वर्षीय गुरदेव सिंह को पुलिस ने मंगलवार को अदालत में पेश किया। पुलिस के पूछताछ पूरी बताने पर अदालत ने बठिंडा के गांव कोठे सपूरा सिंहवाला निवासी 62 वर्षीय आरटीआई कार्यकर्ता आरोपी गुरदेव सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। आरोपी के जबरन रकम वसूलने का पता लगने पर चीफ इर्न्फोमेशन कमिश्नर एसएस चन्नी ने पुलिस को शिकायत दी थी। आरोपी गुरदेव सिंह ने बीते सोमवार को केस की सुनवाई से पहले प्रिंसिपल से दस हजार रुपये वसूले। इसका पता लगने पर आरोपी ने चीफ इर्न्फोमेशन कमिश्नर से लिखित में माफी भी मांगी थी। आरोपी ने प्रिंसिपल के खिलाफ आरटीआई में स्कूल की फंडिंग बारे मांगी जानकारी नहीं देने की शिकायत की थी। इसी केस को वापिस लेने के एवज में उसने प्रिंसिपल प्रीतम सिंह से पैसे वसूले थे।