चंडीगढ़ सेक्टर-35 निवासी विनीत गुलाटी को कमर्शियल प्रॉपर्टी बेचने का झांसा देकर उनसे 9.75 लाख रुपये की ठगी करने की आरोपी कंपनी के संचालकों पर पुलिस ने साजिशन धोखाधड़ी के तहत केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की पहचान सेक्टर-17 के एससीओ नंबर-189, एमएस यूनिटेक लिमिटेड और नई दिल्ली में ग्रेटर कैलाश के एन-56 के संचालक अजय चंद्रा व अन्यों के रूप में की है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदनी थी। उनका उक्त कंपनी के संचालकों अजय चंद्रा व अन्यों से संपर्क हुआ। आरोपियों ने उन्हें मोहाली के सेक्टर-106 में गलोरिया गार्डन प्रोजेक्ट में कमर्शियल प्रॉपर्टी होने की बात कही। आरोपियों ने कहा कि उन्होंने वहां एक कॉलोनी काटनी है और लोगों को प्लॉट देने हैं। हालांकि किसी कारण से आरोपियों का प्रोजेक्ट सिरे नहीं चढ़ सका।
आरोपी विनीत गुलाटी से 9.75 लाख रुपये ले चुके थे। इसके बावजूद न तो उनके नाम कोई प्लॉट ही किया गया और न ही उन्हें रुपये लौटाए गए। शिकायत पर शुरुआती जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-17 थाना पुलिस ने केस दर्ज किया, लेकिन जांच जारी होने के चलते फिलहाल किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।