फोटो सहित........
ज्वैलरी शॉप से गहने ठगकर फरार महिला गिरफ्तार
-हार, टॉप्स समेत अन्य गहने बरामद, आरोपी की महिला साथी की तलाश
-खरड़ में कपड़ों की दुकान चलाती है आरोपी महिला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब और हिमाचल समेत चंडीगढ़ के विभिन्न सेक्टरों की ज्वैलरी शॉप से ग्राहक बनकर लाखों रुपये के गहने ठगकर रफू चक्कर हुई महिला को ज्वैलर्स ने ही शुक्रवार को काबू कर लिया। महिला ठग सेक्टर-22 की शॉप नंबर-12 सरदार ज्वैलर्स में चोरी के गहने बेचने आई, लेकिन ठगी का शिकार ज्वैलर्स अपने व्हाट्स एप ग्रुप से सीसीटीवी कैमरे में कैद ठग महिला की फोटो वायरल कर चुके थे। इसी कारण सरदार ज्वैलर्स के मालिक ने आरोपी ठग महिला को पहचान लिया। फिर उन्होंने व्हाट्स एप ग्रुप पर अन्य ज्वैलर्स को उसके दुकान पर आने की सूचना दी। सर्राफा एसोसिएशन के ज्वैलर सूरज मोहन ने तुरंत एसएसपी यूटी निलांबरी जगदले को सूचना दी। फिर सेक्टर-17 थाना और सेक्टर-22 चौकी के पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। मनीमाजरा और सेक्टर-39 समेत अन्य जगहों के ज्वैलर्स भी सेक्टर-22 की उक्त शॉप के बाहर पहुंच गए।
पता चला है कि आरोपी महिला खरड़ में किराए पर कपड़े की दुकान चलाने वाली जसप्रीत कौर है। पुलिस ने उससे ठगे गए कई गहने बरामद किए हैं। इनमें हार, टॉप्स व अन्य गहने शामिल हैं। आरोपी महिला के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में एक, सेक्टर-39 थाने में दो केस दर्ज हैं। उसके सोलन और संगरूर की ज्वैलरी शॉप पर भी ठगी करने का पता लगा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खरड़ स्थित दुकान पर काम करने वाली अपनी महिला साथी समेत ठगी करती थी। दोनों कई जगहों पर कई ज्वैलर्स को ठग चुकी हैं। थाना-17 पुलिस आरोपी की महिला साथी की तलाश में जुटी है।
मोबाइल पर अमाउंट ट्रांजेक्ट होने का संदेश दिखाकर ठगी
आरोपी महिला व उसकी साथी जिस किसी भी ज्वैलरी शॉप पर जाती, वहां गहने खरीदकर ई-पेमेंट को कहती। फिर अपने मोबाइल से ज्वैलर्स को उनके बैंक खाते में गहनों की कीमत के लाखों रुपये ट्रांजेक्ट होने का मैसेज दिखातीं। आरोपी महिलाएं ज्वैलर्स को कुछ ही घंटे बाद उनके बैंक खातों में पेमेंट पहुंचने का भरोसा देती थी, लेकिन उनके दुकानों से चले जाने के बाद ज्वैलर्स के बैंक खातों में पैसे नहीं पहुंचते थे। आरोपी अपने मोबाइल नंबर भी बदल लेती थीं।
वर्मा ज्वैलर्स और श्रीराम ज्वैलर्स से ठगे 4.12 लाख के गहने
आरोपी महिला ठग और उसकी साथी महिला बीते दो जनवरी को सेक्टर-56 स्थित वर्मा ज्वैलर्स से 1.91 लाख और श्रीराम ज्वैलर्स की शॉप से 2.21 लाख रुपये के गहने ठग कर फरार हुई थी। आरोपियों ने ज्वैलर्स को मोबाइल से उनके बैंक खातों में लाखों रुपये के सक्सेसफुल ट्रांजेक्शन का संदेश दिखाया था। इस संबंध में ज्वैलर्स ने चार जनवरी को सेक्टर-39 थाने में तीन आरोपी महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी।