बुडै़ल में 15 हजार की नगदी और गहने चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बुड़ैल में अज्ञात चोरों ने एक घर का ताला तोड़ आलमारी से 15 हजार की नगदी और गहनों पर हाथ कर दिया। चोरों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब घर का मालिक काम पर गया था। मामले की सूचना पर पहुंची पुुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बुड़ैल निवासी अमित ने बताया कि वह बुड़ैल में अपने परिवार के साथ रहता है। बीते दिनों उसके घर वाले अपने गांव यूपी गए थे। पीड़ित ने बताया कि वह सुबह काम पर चला गया और रात करीब 8:30 बजे वापस लौटा तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था और आलमारी से 15 हजार की नगदी और गहने गायब थे। शोर मचाने के बाद आसपास के लोग जमा हो गए, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस ने एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।