नोट: फोटो सहित।
स्कोडा कार की टक्कर से बीएसएफ के खिलाड़ियों की बस पलटी, 13 घायल
-मिनी बस में खिलाड़ियों समेत कुल 22 लोग थे सवार, आरोपी चालक फरार
-कुश्ती के खिलाड़ी की रीढ़ और कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-17 लाइट प्वाइंट पर रविवार की सुबह 5.30 बजे एक स्कोडा कार नंबर (सीएच01बीएस-1539) ने बीएसएफ (महिला-पुरुष) के 22 खिलाड़ियों से भरी मिनी बस को जोरदार टक्कर मार दी। कार चालक ने मिनी बस नंबर (पीबी08बीसी-9522) के पिछले टायर, बीच के दरवाजे के पास टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के एक तरफ के पहिये उठ गए और बस दूसरी तरफ नीचे पलट गई। इससे बस के फ्रंट के बड़े शीशे समेत दोनों तरफ के अन्य छोटे शीशे भी टूट गए। बस में सवार खिलाड़ियों की चीख पुकार निकल गई। हादसे में स्कोडा कार भी आगे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का बोनट और इंजन पूरी तरह धंस गया।
घटनास्थल के समीप से गुजर रहे कुछ अन्य वाहन चालक और पुलिस जब तक मौके पर पहुंचते, आरोपी कार चालक क्षतिग्रस्त गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। वहीं, खिलाड़ी काफी जद्दोजहद कर बस के ऊपर वाले हिस्से के दरवाजे और खिड़कियों से चोटिल हालत में बाहर निकले। मौके पर पहुंचे पीसीआर कर्मियों समेत सेक्टर-3 थाने के पुलिसकर्मी महिला खिलाड़ियों समेत घायल 13 खिलाड़ियों को जीएमएसएच-16 ले गए। डॉक्टरी जांच में 12 खिलाड़ियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, लेकिन कुश्ती का एक खिलाड़ी सत्यवान गंभीर रूप से घायल हुआ। सत्यवान की रीढ़ की हड्डी में चोट लगने सहित उसके दोनों कूल्हे फ्रैक्चर हो गए हैं। वह जीएमएसएच-16 में उपचाराधीन है। घायल महिला खिलाड़ियों में रूपाली (24), रोमा मस्तफा (26), संगीता (26), नेहा (23), निरमाजोत (30) हैं। बस चालक समेत घायल पुरुष खिलाड़ियों में अमित (38), भूपिंदर सिंह (46), लखदन (31), प्रभदीप (28), नीतिन कुमार (25), दिनेश (26), एम. सीटा (31) हैं। बस में सवार अन्य नौ खिलाड़ी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफ करवाई। फिर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेने के बाद सेक्टर-3 थाने ले जाया गया। थाना पुलिस ने बस चालक मरीदू चेतिया की शिकायत पर फरार स्कोडा कार चालक के खिलाफ आइपीसी की धारा-279, 337 के तहत केस दर्ज किया है।
कुश्ती और हैंडबॉल के हैं सभी 22 खिलाड़ी
बीएसएफ से हादसे में घायल और बाल-बाल बचे सभी कुश्ती और हैंडबॉल के खिलाड़ी हैं। घायल सत्यवान समेत अन्यों ने बताया कि वह मोहाली के सेक्टर-91 स्थित लखनौर हेडक्वार्टर से मैराथन में हिस्सा लेने जा रहे थे, लेकिन जैसे ही उनकी बस सेक्टर-17 लाइट प्वाइंट से निकलकर सेक्टर-8,9 की डिवाइडिंग रोड पर चढ़ी, इसी दौरान दूसरी तरफ से आई स्कोडा कार जोरदार तरीके से बस के दरवाजे से जा टकराई। खिलाड़ियों ने बताया कि हादसे में ऐसा लगा, मानों किसी ने जानलेवा हमला कर दिया हो। लेकिन कुछ समझ आता, इससे पहले ही बस दूसरी तरफ पलट गई। जब तक खिलाड़ी बाहर निकलते, कार चालक क्षतिग्रस्त कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
लाइट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरे मिले खराब
प्रेस लाइट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लगी है। बीते दिनों हुई बारिश से सीसीटीवी कैमरा खराब होने के चलते हादसे की वीडियो पुलिस रिकॉर्ड में शामिल नहीं हो सकी। हैरत की बात यह है कि सीसीटीवी सिस्टम की निगरानी करने वाली संबंधित यूनिट को हादसे से पहले सीसीटीवी के वर्किंग में नहीं होने का पता नहीं लगा।
आरोपी कार चालक घर से है फरार
कार नंबर के आधार पर पुलिस को भारत सरकार के वाहन एप से कार के मालिक की पहचान प्रीतइंदर सिंह पता चली। साथ ही फरार आरोपी का घर सेक्टर-33, चंडीगढ़ में होने का पता लगा। थाना-3 पुलिस ने आरोपी के घर छापेमारी की, लेकिन वह घर से फरार मिला। पुलिस ने आरोपी के पारिवारिक सदस्यों से पूछताछ की है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी ने न तो पुलिस के समक्ष सरेंडर किया और न ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकी।