सिर में लोहे की रॉड मार रेहड़ी वाले से चार हजार लूटे
नाबालिग आरोपी काबू जबकि अन्य दो फरार, तलाश में छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
धनास निवासी युवक के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर कुछ युवक उससे 4 हजार रुपये लूट कर ले गए। सारंगपुर थाना पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को पकड़ा है। वहीं दो अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस ने नाबालिग को अदालत में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
फलों की रेहड़ी लगाने वाला रणबीर मंगलवार रात करीब 8:30 बजे खुड्डा लाहौरा से जा रहा था। एक बैंक के पास पहुंचने पर उसे तीनों आरोपियों ने घेर लिया। आरोपियों ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी जेब से 4 हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
हमले से रणबीर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने रणबीर के बयानों के आधार पर तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने रात में ही एक नाबालिग को काबू कर लिया। उसे अदालत में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार अन्य दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।