चोरी और लूट की वारदातें कर फरार आरोपी गिरफ्तार, दो केस सुलझे
चोरी, झपटमारी, लूटपाट व हत्या के तहत दर्ज केसों का है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 30 नवंबर, 2018 और 4 जनवरी, 2019 को सेक्टर-45 और मौली जागरां में चोरी व लूट की वारदातों को अंजाम देकर फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बुड़ैल चौकी के पुलिसकर्मियों ने आरोपी को सेक्टर-45 में नाके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी रामदरबार फेज-2 निवासी रिंटू है। आरोपी नाके से लाल रंग की उसी मोटरसाइकिल सुजुकी एक्सेस (सीएच42टी-9306) पर सवार होकर जा रहा था, जिसे उसने सेक्टर-45 की वारदात में इस्तेमाल किया था। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में छीनकर ले जाया गया पर्स भी बरामद कर लिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने विभिन्न सेक्टरों से छीने गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस जांच में पता लगा कि आरोपी पर साल 2012 से साल 2019 तक चोरी, झपटमारी, लूटपाट, आईपीसी-224, हत्या व हत्या के प्रयास समेत आईपीसी-377, अपराध की श्रेणी में आने के समय समलैंगिकता के तहत केस दर्ज रहे हैं। पुलिस आरोपी का रिमांड लेकर उससे पूछताछ में जुटी है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा।