चोरों ने घर से उड़ाए साढे़ चार तोला सोना और नकदी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मलोया में अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़ साढ़े चार तोला सोना और कुछ नगदी चोरी कर ली। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया जब परिवार शहर के बाहर गया था। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-41 निवासी श्याम लाल ने बताया कि वह ड्राइवर है। उसके बेेटे और बहु मलोया के मकान नंबर 3648 में रहते हैं। बीते दो दिन पहले बहु और बेटे पटियाला चले गए। बुधवार दोपहर करीब 3 बजे मलोया स्थित बेटे के घर उनकी बेटी कपड़े धोने गई। इस दौरान बेटी ने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर आलमारी से साढ़े चार तोला सोना और कुछ नगदी गायब है। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।