पुलिस पार्टी पर गोली चलाने वाले दो आरोपी काबू
होशियारपुर। नाके के दौरान सोमवार को पुलिस पार्टी पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनसे भारी मात्रा में असला और लूटे गए सोने के आभूषण नगदी और अन्य सामान बरामद किया है। जिला पुलिस प्रमुख जे इलनचेलियन ने बताया कि इलाके में लूट पाट की घटनाओं को अंकुश लगाने के लिए एसपी हरप्रीत सिंह मंढेर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में डीएसपी गुरप्रीत सिंह गिल्ल, अच्छर राम शर्मा और थाना टांडा के प्रभारी विक्रम सिंह तथा थाना दसूहा के प्रभारी यादविंदर सिंह भी शामिल थे। एसएसपी ने बताया कि घटना के वक्त दसूहा में हुई एक छीना झपटी की सूचना के बाद थाना टांडा के प्रभारी विक्रम सिंह ने गांव बैंस अवान में एक विशेष नाकाबंदी की हुई थी। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर जब पुलिस पार्टी ने सोमवार को एक बाइक पर वहां से गुजर रहे दो युवकों को रुकने का संकेत दिया। तब उन्होंने हत्या की नीयत से पुलिस पर गोली चलानी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी अपनी बाइक को वहीं फेंक कर भाग निकले। उन्होंने बताया कि आरोपियों का पीछा कर रही पुलिस पार्टी ने मंगलवार को दोनों को एक किसान की हवेली में तूड़ी वाले कमरे से गिरफ्तार कर लिया है। जिला पुलिस प्रमुख ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान राजेश कुमार उर्फ गौरव निवासी कपूरथला और तरनजीत सिंह उर्फ तरन निवासी तलवाड़ा के तौर पर की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की निशान देही पर उनसे एक पिस्तौल और मैगजीन तथा पांच कारतूस, एक दातर के अलावा दो बाइक, दो एलईडी, चार जोड़े बालियां, चार जोड़े सोने की अंगूठी और दो सोने की चैन के अलावा 40 हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है।