फिल्म देखकर घर लौटा तो चोरों से हो गई भिड़ंत, पिस्तौल दिखाकर भागे
सबहेड
भागते समय गिरी पिस्तौल, पुलिस जांच में निकली खिलौना, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-34 स्थित एक मकान में चोरी के इरादे से घुसे दो चोरों के मंसूबे पर उस वक्त पानी फिर गया जब घर का मालिक आ गया। मालिक के घर में घुसते ही एक चोर ने उससे हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद एक चोर ने पिस्तौल निकाल ली और डरा धमकाकर दोनों चोर भागने में कामयाब हो गए। इस दौरान पिस्तौल वहीं गिर गई। खास बात यह है कि चोरों के भागने के बाद सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो मौके से बरामद पिस्तौल खिलौने वाली निकली। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिव गोयल परिवार के साथ सेक्टर-34 में रहते हैं। शनिवार रात करीब 1:15 बजे वह फिल्म देखकर घर वापस लौटे। घर में दाखिल होने के लिए उन्होंने जैसे ही आंगन का गेट खोला तो अंधेरे में एक युवक पहले से ही वहां बैठा हुआ था। शिव को देखते ही चोर ने उनसे हाथापाई शुरू कर दी। इतने में युवक का दूसरा साथी भी आ गया। दोनों ने शिव से हाथापाई करते हुए उन पर पिस्तौल तान दी और डरा धमकाकर वहां से भागने में कामयाब हो गए हालांकि इस दौरान आरोपियों की पिस्तौल वहीं गिर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब पिस्तौल की जांच की तो वह खिलौना निकली। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने छानबीन के बाद चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।