चरस तस्कर की निशानदेही पर मुंबई में रेड करेगी एनसीबी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
खरड़ बस स्टैंड से 1.10 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किए गए आरोपी को रविवार को जेल भेज दिया गया। अब एनसीबी टीम आरोपी की निशानदेही पर मुंबई के चिन्हित 4 स्थानों पर रेड करेगी। आरोपी हिमाचल के कसोल से चरस ले जाकर वर्सोवा, अंधेरी (मुंबई) में सप्लाई करता था। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि आरोपी रोमियो विलियम से पूछताछ की गई। उसने कुछ जगह बताई हैं। जल्द ही मुंबई पुलिस से टाइअप करके वहां के कुछ संदिग्ध स्थानों पर रेड की जाएगी। एनसीबी टीम की पूछताछ में आरोपी रोमियो विलियम ने बताया कि वह 2 साल से नशीली दवाओं और पदार्थों की तस्करी कर रहा है। हिमाचल प्रदेश के कसोल से चरस ले जाकर वह मुंबई में तस्करी करता था, लेकिन वह किससे चरस खरीदता था और किसे बेचता था। इस बारे में उसे जानकारी नहीं होती थी। एनसीबी ने आरोपी को कई संदिग्ध सौदागरों की फोटो दिखाकर पहचान करवाने की कोशिश भी की, हालांकि इस दौरान मिली जानकारी को एनसीबी कार्रवाई पूरी होने तक गुप्त रखना चाहती है।
आरोपी को भेजा जेल
हिमाचल के कसोल से चरस ले जाकर मुंबई में बेचता था रोमियो