जीप ने गेट तोड़ पीयू कर्मचारी समेत दो को मारी टक्कर, ठोकी कार
शाम साढ़े 5 बजे का हादसा, टक्कर के बाद कर्मचारी का सिर कार के बोनट से टकराया
पुलिस ने केस दर्जकर नाबालिग जीप चालक को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक जीप ने एडमिन ब्लॉक का गेट तोड़ते हुए पीयू के कर्मचारी समेत दो लोगों को टक्कर मार दी, फिर वहां पर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार को ठोक डाला। टक्कर लगते ही कर्मी का सिर कार के बोनट पर लगकर लहूलुहान हो गया जबकि दूसरे व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। मामले की सूचना पाकर पहुंची पीसीआर ने घायलों को पीजीआई में भर्ती करवाया। वहां सेक्टर-21 निवासी घायल कुलभूषण को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है और जबकि रविन्द्र सिंह तिरखा (पीयू कर्मचारी) का इलाज चल रहा है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग जीप चालक को काबू कर लिया है।
घटना शुक्रवार शाम करीब 5 बजकर 30 मिनट की है। पंजाब यूनिवर्सिटी के एडमिन ब्लॉक के पास कुछ लोग खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इस दौरान गेट नंबर 1 की तरफ से आ रही जीप (पीबी61ए 0100) ने एडमिन ब्लॉक के गेट को तोड़ते हुए पीयू कर्मी समेत दो लोगों को अपने चपेट में ले लिया। इसके बाद वहां पार्क स्विफ्ट डिजायर (सीएच01एम 3564) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर लगते ही रविन्द्र कार के बोनट से जा टकराया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, जीप का अगला हिस्सा और कार की साइड और पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शोर शराबे के बाद वहां पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके से आरोपी जीप चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्राथमिक जांच सामने आया कि चालक 12 कक्षा का छात्र है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।