सेक्टर-20 के घर से एसी चुराने वाला सीसीटीवी की मदद से दबोचा
सेक्टर-19 पुलिस ने दर्ज किया केस, चोरी का सामान भी बरामद किया
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेक्टर-20 स्थित मकान नंबर 131 से एसी चोरी करने के मामले में लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था, जिसकी मदद से आरोपी को सेक्टर-20 कंप्यूटर मार्केट के पास से पकड़ लिया गया। आरोपी से चोरी किया गया एसी भी बरामद कर लिया गया है, जो उसने 1600 रुपये में बेच दिया था। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, आरोपी की पहचान सुशील के रूप में हुई है। सेक्टर-20 निवासी मनजिंदर सिंह ने बताया कि वह मकान नंबर 131 में रहता है। उसके साथ वाले कमरे में किरण कुमार रहता है। वीरवार दोपहर वह स्कूल से बच्चों को लेने गया था। इस दौरान किसी ने बरामदे में रखा एसी चोरी कर लिया। वारदात के बाद जब सीसीटीवी कैमरों को चैक किया गया तो करीब 20 साल का एक युवक कूड़ा उठाने के बहाने उनके घर में घुसा और रेहड़ी पर एसी को रखकर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद फुटेज की मदद से युवक की पहचान कर उसे दबोच लिया गया।