ओएलएक्स पर आईफोन पसंद किया..मोलभाव के बहाने बीएमडब्ल्यू से फरार
पीड़ित पीयू के लॉ स्टूडेंट ने की शिकायत, चंडीगढ़ नंबर की कार में आए थे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। बीएमडब्ल्यूए में सवार होकर आए तीन युवक मोलभाव करने के बहाने आईफोन लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने अपना पुराना फोन ओएलएक्स पर बेचने के लिए डाला था। आरोपी आईफोन पसंद करके उसे खरीदने आए थे। मनीमाजरा थाने में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मनीमाजरा निवासी यश गोयल ने बताया कि वह पंजाब यूनिवर्सिटी में लॉ सेकेंड ईयर का छात्र है। सात दिन पहले उसने ओएलएक्स पर अपना आईफोन-5 सात हजार रुपये में बेचने के लिए डाला था। शुक्रवार की शाम खुद को चंडीगढ़ निवासी बताने वाले एक युवक ने फोन किया और आईफोन देखने की इच्छा जताई।
यश आईफोन लेकर रविवार दोपहर ढाई बजे फन रिपब्लिक के सामने पहुंचा। वहां मैटेनिक कलर की चंडीगढ़ नंबर की बीएमडब्ल्यू कार से एक युवक उतरा और उससे मोलभाव करने लगा। पहले उसने मोबाइल हाथ में लेकर देखा और बोला कि वह इसके छह हजार रुपये दे सकता है। अभी मोलभाव चल ही रहा था कि वह अचानक तेजी से दौड़ता हुआ बीएमडब्ल्यू में बैठा और फरार हो गया। कार में दो युवक पहले से ही बैठे थे। पुलिस के अनुसार ऑनलाइन बिक्री पोस्ट से जानकारी लेकर ऐसी पहली वारदात सामने आई है।