रंजिश में भिड़े दो गुट, फायरिंग, चार घायल
कपूरथला। थाना सदर के तहत आते गांव लखन कलां में पुरानी रंजिश को लेकर 2 गुटों में सड़क किनारे लड़ाई के दौरान विरोधी पक्ष द्वारा फायरिंग करने से दूसरे पक्ष के 2 व्यक्ति गंभीर घायल हो गए। जबकि गंडासियां लगने से फायरिंग करने वाले पक्ष के दो व्यक्ति गंभीर जख्मी हो गए। थाना सदर कपूरथला की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चारों घायलों को लोगों की मदद से सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर थाना सदर कपूरथला के एसएचओ गुरदयाल सिंह को सूचना मिली कि कि नजदीकी गांव लखन कलां में दो पक्षों में झगड़ा चल रहा है। पुलिस पूछताछ तथा मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के दौरान इन दोनों पक्षों का दोपहर रास्ता देने को लेकर काफी झगड़ा हुआ था, जिस दौरान दूसरे पक्ष से संबंधित शेर सिंह पुत्र अजीत सिंह ने अपने पिस्तौल से फायरिंग कर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र तरसेम सिंह तथा कुलजीत सिंह उर्फ किंदा जो कि हरप्रीत सिंह का रिश्तेदार है की दोनों की टांगों पर गोलियां मारी। इस दौरान हरप्रीत सिंह के पक्ष की ओर से आए लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में जसबीर सिंह पुत्र शंकर सिंह तथा दरमिंदर सिंह पुत्र मलकीत सिंह गंभीर घायल हो गए। इस दौरान फायरिंग करने वाला आरोपी शेरा घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।