चार सौ ग्राम अफीम सहित एक आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़। सारंगपुर में गवर्नमेंट हाई स्कूल के समीप नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को अफीम ले जाते काबू किया। तलाशी में कुल 400 ग्राम अफीम बरामद हुई। थाना सारंगपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पटियाला की मालवा कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ कर यह पता लगाने के प्रयास में जुटी है कि आरोपी चंडीगढ़ में किसे नशा देने जा रहा था। साथ ही उससे बरामद नशा सामग्री वह कहां से लाया और इस गोरखधंधे में कितने समय से संलिप्त रहा है, पुलिस इस बाबत भी पूछताछ में जुटी है। पुलिस आरोपी का पुराना रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि पता लग सके कि उस पर पहले कोई केस दर्ज रहे हैं या नहीं।