पंचकूला। घग्गर पार नॉर्थ पार्क के पार्किंग स्थल पर बीते रविवार की रात लड़की को बचाने गए युवक को गोली मारने के आरोपी अनूप जिंदल को पुलिस ने हथियार के लाइसेंस की रिकवर के बाद वीरवार को अदालत में पेश किया। पुलिस के आरोपी से आगामी पूछताछ की आवश्यकता नहीं जताने पर कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजा। जीरकपुर निवासी सिविल इंजीनियर आरोपी अनूप जिंदल के पास बठिंडा से हासिल किया आर्म्स लाइसेंस था। वारदात के बाद आरोपी को अरेस्ट कर पुलिस ने अदालत से उसका तीन दिन का रिमांड हासिल किया था। बीते रविवार को नॉर्थ पार्क के पार्किंग स्थल पर एक युवक किसी लड़की की पिटाई कर रहा था। पटियाला निवासी फतेह सिंह ने यह देख युवक से ऐसा करने का कारण पूछा। उस दौरान उनके बीच किसी बात पर बहस हुई और झगड़ा बढ़ गया। पीसीआर के पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों का झगड़ा रुकवाकर उन्हें वहां से भेज दिया था। लेकिन दोबारा झगड़ा होने पर अनूप जिंदल ने फतेह सिंह पर दो राउंड फायर कर डाले। एक गोली फतेह सिंह के सर के समीप से निकली और दूसरी गोली उसके कंधे के समीप छाती के आर पार हो गई थी। फिलहाल फतेह सिंह उपचाराधीन है।