बठिंडा। एक किसान से खेत में बिजली का नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए रिश्वत मांगने वाले बिजली विभाग के जेई को विजिलेंस टीम ने पकड़ा। आरोपी के खिलाफ थाना विजिलेंस ब्यूूरों बठिंडा में केस दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी विजिलेंस ब्यूरो बठिंडा रेंज अखिल चौधरी ने बताया कि डीएसपी अश्वनी कुमार विजिलेंस ब्यूरो यूनिट फरीदकोट की टीम द्वारा ट्रैप लगाकर राज सिंह जेई पीएसपीसीएल बाजाखाना को चार हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। अखिल चौधरी ने बताया कि शिकायतकर्ता हरविंदर सिंह वासी घनिया जिला फरीदकोट ने विजिलेंस के पास शिकायत दी कि उनकी जमीन में सरकारी ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इससे उनकी व अन्य व्यक्तियों की मोटरें चलती हैं। ट्रांसफार्मर पिछले आठ दस दिन पहले जल गया। नया ट्रांसफार्मर लगावाने के लिए राज सिंह जेई बाजाखाना को बताया तो उसने शिकायतकर्ता से पांच हजार रिश्वत की मांग की। चार हजार में बात पक्की हुई। हरविंदर ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी। डीएसपी अश्वनी कुमार द्वारा सरकारी गवाहों की उपस्थिति में आरोपी राज सिंह जेई को चार हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा।