पंचकूला। अनियंत्रित तरीके से कार चला रहे अज्ञात व्यक्ति ने बाइक सवार को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चंडीमंदिर पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में कादर खान निवासी गांव जसवंतगढ़ ने बताया कि वह जीरकपुर की सैलून की दुकान में नौकरी करता है। बीती 16 अप्रैल को साढ़े नौ बजे जीरकपुर से वीआईपी रोड सैलून की दुकान बंद करने के बाद अपने गांव जसवंतगढ़ जा रहा था। रात दस बजे जैसे ही वह घग्गर पुल के पास पहुंचा। माजरी चौक की ओर से आ रही अनियंत्रित कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से चोटिल होने के बाद आरोपी को लोगों ने सेक्टर-6 जनरल अस्पताल पहुंचाया। यहां पर उसकी मेडिकल लीगल रिपोर्ट काटी गई। उसे फर्स्ट एड की सुविधा देने के बाद जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया गया। गंभीर हालात में अभी उसका इलाज चल रहा है। मामले के जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि कादर खान के बयान लेने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।