पंचकूला। ट्रैफिक पुलिस में तैनात एसपीओ की 25 वर्षीय बेटी ने शुक्रवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में सुसाइड कर लिया। सुसाइड के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 स्थित सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक युवती की पहचान हरमन प्रीत कौर पुत्री गुरमेल सिंह निवासी एचएमएटी कालोनी बीड घग्गर के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हरमन कौर ने ये घातक कदम उस समय उठाया जब पिता गुरमेल सिंह टैंक चौक पर ड्यूटी पर तैनात थे। जैसे ही उन्हें घटना की सूचना मिली उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह मौके पर पहुंचे और चंडीमंदिर थाना पुलिस को सूचित किया। इसके बाद जवानों ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल में पहुंचा। चंडीमंदिर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जिसका कल पोस्टमार्टम होगा। उन्होंने बताया कि युवती ने सुसाइड क्यों किया गया इसका पता नहीं चल पाया है और न ही शव के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।