हिमालयन क्वीन में सवार यात्री से छिना पर्स
अमर उजाला ब्यूरो
कालका। कालका से दिल्ली चलने वाली हिमालयन क्वीन में पर्स और मोबाइल की स्नेचिंग करने का मामला सामने आया है। कालका निवासी प्रवीण शर्मा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ किसी जरूरी काम से दिल्ली जा रहा था कि रास्ते में ट्रेन दिल्ली से कुछ दूूरी पहले दया बस्ती आउटर पर कुछ देर के लिए रुक गई इस बीच 5 से 7 लड़के ट्रेन में चढ़ गए और ट्रेन में लूटपाट शुरू कर दी। शर्मा ने कहा कि उन अज्ञात युवकों ने उनकी धर्मपत्नी का पर्स झपट लिया जिसमें करीब 10 हजार रुपये कैश, जरूरी डॉक्यूमेंट्स, मोबाइल पड़ा था। बताया कि लुटेरों ने उनके समीप बैठे एक अन्य व्यक्ति का भी मोबाइल झपट लिया। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए कहा कि पहले भी इसी ट्रेन में स्नेचिंग की कई वारदातें हो चुकी है लेकिन रेलवे और संबधित पुलिस अधिकारी इस संबंध कोई सख्त रुख अख्तियार नहीं कर रहे हैं ऐसे में आमजन की सुरक्षा कौन करेगा। बताया कि वे कालका आने पर विधायक के माध्यम से व आनलाइन शिकायत रेलमंत्री को देंगे तथा साथ ही दयाबस्ती व आसपास के एरिया में जीआरपी और आरपीएफ की कड़ी सुरक्षा की मांग करेंगे ताकि इस प्रकार के हादसों को रोका जा सके। गौरतलब है कि मार्च माह में जीएम रेलवे टीपी सिंह ने कालका वर्कशाप का दौरा किया था। इस दौरान जीएम को शिकायत पत्र सौंपकर बताया था कि आर्दशनगर व दया बस्ती के बीच आने जाने वाली रेलगाड़ियों में कुछ युवकों का ग्रुप ट्रेन में चढ़ जाता है जोकि चलती रेलगाड़ी में लोगों से लूटपाट को अंजाम देते हैं। खासकर हिमालयन क्वीन में यात्रियों से इस प्रकार की वारदात होती है जिससे यात्रियों की जानमाल का खतरा बना रहता है। उन्होंने इस बाबत जीएम से उचित कदम उठाने की मांग की थी।